गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

राजस्थान सरकार के निर्णयों से कर्मचारी वर्ग संतुष्ट

जयपुर : अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित में बड़े निर्णय लिए हैं, इसलिए कर्मचारी वर्ग में संतुष्टि की भावना है। गहलोत से सोमवार शाम मुख्यमंत्री निवास पर वॉटरवर्क्स कर्मचारी संघ तथा जनता जल योजना श्रमिक यूनियन के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह बात कही। कर्मचारियों ने राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों के हित में बड़े निर्णय लिए गए हैं। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने, साल में दो बार डीपीसी करवाने, पदोन्नति की प्रक्रिया को सुगम करने, ठेका प्रथा समाप्त करने जैसे निर्णयों से आज कर्मचारी वर्ग में संतुष्टि की भावना है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिलों में राहत, उड़ान योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने में कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार और कर्मचारियों के आपसी समन्वय से ही योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित होता है तथा अधिक से अधिक लोग लाभान्वित होते हैं।
गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार के सारे बजट सभी वर्गों को राहत पहुंचाने वाले रहे हैं। इस बार के बजट की भी देशभर में सराहना हो रही है। इनके त्वरित क्रियान्वयन के लिए आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां दी जा रही हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान किया है। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित में निर्णय लिए हैं, जिससे उनकी पदोन्नति की प्रक्रिया सुगम हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *