कोलकाता : ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि राज्य में रोजगार कई गुना बढ़ गया है जबकि गरीबी भी कम हो रही है। बनर्जी ने कहा,“राज्य में 12 लाख रोजगार सृजित हुए हैं। जाति-धर्म, हिन्दू-मुस्लिम का भेद किये बिना सभी को छात्रवृत्ति दी जाती है। कोरोना काल में राज्य की जीडीपी में वृद्धि हुई है। राज्य सरकार की ‘दुआरे सरकार योजना’ को केंद्र सरकार से पुरस्कार मिला है।” इस साल के जी-20 शिखर सम्मेलन की पहली बैठक सोमवार को यहां बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में शुरू हुई, जिसमें बनर्जी ने सम्मेलन का उद्घाटन किया।
तीन दिवसीय जी-20 शिखर सम्मेलन बैठक बुधवार तक चलेगी। बैठक का मुख्य विषय डिजिटल वित्तीय प्रणाली है। बैठक से एकता का संदेश देते हुए बनर्जी ने कहा कि लोगों का विकास जरूरी है। और सभी से राजनीति छोड़कर विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। जी20 की इस बैठक का मुख्य उद्देश्य वंचित लोगों को बैंकिंग प्रणाली में लाना तथा उनकी व्यक्तिगत और राष्ट्रीय आय में वृद्धि करना है। बैठक में जी-20 सदस्य देशों के अलावा यूरोपीय संघ के सदस्य देशों, एशियाई विकास बैंक, विश्व बैंक, नाबार्ड और आईएमएफ के प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं।
भारत इस वर्ष के जी20 सम्मेलन की अध्यक्षता करेगा। राज्य सचिवालय नबन्ना सूत्रों के मुताबिक पहले दिन की बैठक के बाद मेहमानों के लिए गंगा किनारे डिनर क्रूज का इंतजाम किया गया है। न्यूटाउन के पलकुटीर में मंगलवार को रात्रि भोज के बाद एक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। बुधवार, 11 जनवरी को अतिथि विक्टोरिया मेमोरियल का भ्रमण करेंगे। उन्हें स्ट्रीट फूड का लुत्फ उठाने का भी मौका मिलेगा।
बंगाल में कई गुना बढ़ा रोजगार
