गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अतिक्रमण हटाने गए दस्ते पर हमला, नौ गिरफ्तार

कोटा : राजस्थान के कोटा में कोटा के कुन्हाडी इलाके में आज दोपहर अतिक्रमण हटाने गए कोटा नगर विकास न्यास के अतिक्रमण निरोधक दस्ते पर एक समूह ने हमला बोल दिया जिससे होमगार्ड के जवानों सहित करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।
पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। कोटा नगर विकास न्यास और पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर न्यास का एक दस्ता कुन्हाडी थाना क्षेत्र में कुंद-कुंद पुनर्वास आवासीय योजना की सरकारी जमीन पर एक ही परिवार के कई सदस्यों की ओर से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
टीम में शामिल अधिकारी जब इन लोगों को समझाईश कर अतिक्रमण हटाने के लिए कह रहे थे, तभी दो दर्जन से भी अधिक लोगों ने अतिक्रमणरोधी दस्ते सदस्यों सहित उनके साथ आए होमगार्ड के जवानों पर पथराव शुरू कर दिया और लाठियों आदि से हमला बोल दिया जिससे कई कर्मचारी और होमगार्ड के जवान जख्मी हो गए। इन लोगों ने बाद में मौके से भाग कर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। हमलावरों ने अतिक्रमणरोधी दस्ते में शामिल कई वाहनों को भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस अधीक्षक (शहर) शरद चौधरी ने बताया कि घटना के बाद में नगर विकास न्यास के तहसीलदार हरिनारायण सोनी कुन्हाडी थाने पहुंचे और उन्होंने अतिक्रमणरोधी दस्ते पर हुए हमले के बारे में जानकारी देते हुए एक लिखित परिवाद प्रस्तुत किया जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हमलावरों में शामिल कालू लाल, जगदीश, सत्यनारायण, दुर्गा लाल, पप्पू, शिवराज, बंटी, राजेंद्र, दिनेश आदि नौ लोगों को राजकार्य में बाधा डालने, प्राणघातक हमले और मारपीट कर संगीन चोटे पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया, जबकि 15-20 और लोगों की तलाश जारी है जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल है। घायलों को कोटा के एमबीएस अस्पताल ले जाया गया है जहां उनका इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *