अगले तीन दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं
भोपाल : नव वर्ष की शुरूआत से मध्यप्रदेश में ठंड और कोहरा का जो दौर प्रारंभ हुआ, वह थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान समूचा प्रदेश ठंड और कोहरे की आगोश में रहा। इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। अगले तीन दिनों तक इससे राहत की उम्मीद नहीं है।
मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक वीरेंद्र सिंह यादव ने आज यहां यूनीवार्ता को बताया कि पिछले चौबीस घंटों के दौरान जहां इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर और सागर संभागों के जिलों में वर्षा हुयी। वहीं, शिवपुरी, गुना, आशोकनगर, आगरमालवा, शाजापुर, इंदौर, देवास, पूर्वी उज्जैन, विदिशा, रायसेन, पन्ना, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और कटनी में घना कोहरा रहा। इसके अलावा अनेक स्थानों पर मध्यम से हल्का कोहरा रहा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
कोहरा और बारिश के कारण समूचा मध्यप्रदेश कडाके की ठंड से जूझ रहा है। इस बीच शिवपुरी में रात्रि का तापमान 7़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं ग्वालियर में 9़ 5 डिग्री सेल्सियस, राजगढ़ में 9़ 6 डिग्री सेल्सियस, दतिया में 10़ 3 डिग्री सेल्सियस और रतलाम में 10़ 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिन का तापमान गुना में सबसे कम 15़ 5 डिग्री सेल्सियस, अशोकनगर जिले के आंवारी में 16़ 3 डिग्री सेल्सियस, सागर में 16़ 5 डिग्री सेल्सियस, शिवपुरी जिले के पिपरसमा में 16़ 7 डिग्री सेल्सियस छतरपुर जिले के बिजावर में 16़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक श्री यादव ने बताया कि कल आठ जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ और आ रहा, जिससे अगले तीन दिनों का बारिश और ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। इसका सबसे अधिक असर प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्से रहेगा, जिससे बारिश की उम्मीद जतायी जा रही है। 11 जनवरी से मौसम के साफ होने की संभावना है। इसके बाद धूप खिल सकती है, जिससे ठंड से हल्की राहत की उम्मीद है।
अगले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के नर्मदापुरम और इंदौर संभागों के जिलों में तथा सीहोर, भोपाल, रतलाम, उज्जैन, देवास, आगरमालवा, मंदसौर और उमरिया जिलों में कहीं कहीं वर्षा या गरज चमक की स्थिति बनने की संभावना है। वहीं सागर, ग्वालियर और चंबल संभागों के जिलों में तथा सीहोर, भोपाल, मंदसौर, नीमच, रीवा, मऊगंज, मंडला जिलों में कहीं कहीं मध्यम से घना कोहरा पड़ने की चेतवनी जारी की गयी है। इन स्थानों पर दृश्यता 50 से 500 मीटर तक रह सकती है।
राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में पिछले चौबीस घंटों के दौरान आसमान में बादल छाए रहे। इस बीच हल्की बूंदाबांदी भी हुयी। यहां ठंड का सितम जारी है। अगले चौबीस घंटों के दौरान यहां मध्यम से हल्का कोहरा तथा हल्की बारिश की संभावना जतायी जा रही है।
