गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ईओडब्ल्यू ने अलीगढ़ में पकड़ा मास्टरमाइंड

भुवनेश्वर : ओड़िशा में भुवनेश्वर की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 50,000 से अधिक नौकरी चाहने वाले युवाओं को ठगने वाले एक बड़े रोजगार धोखाधड़ी घोटाले का पर्दाफाश किया है। ईओडब्ल्यू अलीगढ में चल रहे देश के विभिन्न राज्यों में नौकरी चाहने वाले युवाओं के साथ धोखाधड़ी के इस मामले का पता लगाने के लिए पिछले तीन महीने से काफी मेहनत कर रही थी। अब तक यह ईओडब्ल्यू के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण मामला रहा है।
ईओडब्ल्यू ने विभिन्न सुरागों और तकनीकी और भौतिक निगरानी का विश्लेषण करके इस मामले में मुख्य मास्टरमाइंड जफर अहमद (25) को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से गिरफ्तार किया। ईओडब्ल्यू के सूत्रों ने बताया कि जफर पेशे से इंजीनियर (बीटेक) है और इस घोटाले के मुख्य मास्टरमाइंड में से एक है। उसे अलीगढ़ की एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने पांच दिन की ट्रांजिट हिरासत मंजूर की है। उसे भुवनेश्वर में अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
सूत्रों ने कहा कि इस प्रक्रिया में अन्य लोगों की संलिप्तता और जालसाजों द्वारा जमा की गई बड़ी राशि का पता लगाने के लिए जांच जारी है। इन घोटालेबाजों ने कम से कम पांच राज्यों गुजरात, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में हताश व मासूम नौकरी चाहने वाले युवाओं को निशाना बनाया। एक अनुमान के अनुसार देश भर में कम से कम 50,000 नौकरी चाहने वाले युवाओं से करोड़ों रुपये ठगे गए हैं। इसलिए भी इसे देश का सबसे बड़ा नौकरी घोटाला माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *