गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एरिक्सन और टीएसएससी ने बनाया उत्कृष्टता केन्द्र

नई दिल्ली : टेलीकम्युनिकेसन के लिए उपकरण आदि बनाने वाली प्रमुख कंपनी एरिक्सन और टेलीकॉम सेक्टर स्किल काउंसिल (टीएसएससी) ने आज दिल्ली कौशल और उद्यमिता विश्वविद्यालय (डीएसईयू) में उत्कृष्टता केंद्र शुरू करने की आज घोषणा की।
यह केन्द्र छात्रों को चयनित मॉड्यूल के पूरा होने के बाद प्लेसमेंट के साथ-साथ 5जी और उभरती प्रौद्योगिकियों पर प्रशिक्षित करेगा। कार्यक्रम के पहले वर्ष में लगभग 300 छात्र प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। भारत में 5जी नेटवर्क की शुरूआत, देश में स्मार्टफोन और आईओटी उपकरणों को तेजी से अपनाने के साथ-साथ विनिर्माण क्षेत्र में वृद्धि से दूरसंचार क्षेत्र में नई कौशल आवश्यकताओं का निर्माण हुआ है।
एरिक्सन टीएसएससी के साथ मिलकर दूरसंचार क्षेत्र में करियर के अवसर प्रदान करने के अलावा छात्रों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और कौशल विकास प्रदान करके इस अंतर को संबोधित करने पर विचार कर रहा है। छात्रों को दिए जा रहे मॉड्यूल में 5जी नेटवर्क इंजीनियर बनने का प्रशिक्षण, हैंडहेल्ड डिवाइस और आईओटी डिवाइस/सिस्टम के लिए तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ दूरसंचार उत्पादों की लाइन असेंबली शामिल है। उद्योग द्वारा अनुमोदित प्रशिक्षण मॉड्यूल के साथ-साथ केन्द्र में स्थापित कौशल प्रयोगशालाओं में छात्रों के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण भी शामिल है।
इस अवसर पर टीएसएससी के सीईओ अरविंद बाली ने कहा, “टीएसएससी पूरे भारत में टेलीकॉम पेशेवरों और उम्मीदवारों के लिए आधारभूत कौशल को बढ़ाने के मिशन पर है। एरिक्सन के अमूल्य समर्थन से, हम इस उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में दिल्ली में दूरसंचार के लिए अपनी तरह का पहला उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने में सक्षम हुए हैं। सीओई को समावेशिता और तकनीकी कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के साथ स्थानीय युवाओं की सीखने की क्षमता को अधिकतम करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। हम एक नए भारत की शुरुआत में खड़े हैं और अपने महान देश के युवाओं की क्षमता विकसित करने के लिए तत्पर हैं।”
एरिक्सन इंडिया के प्रमुख और दक्षिण पूर्व एशिया, ओशिनिया एवं भारत के लिए नेटवर्क सॉल्यूशंस के प्रमुख नितिन बंसल ने कहा “यह पहल उद्योग में कौशल अंतर को पाटने में मदद करेगी जबकि वंचित छात्रों को भारत में दूरसंचार क्षेत्र में करियर बनाने के अवसर प्रदान करेगी। उद्योग-अकादमिक साझेदारी क्षेत्र में कौशल की कमी को पूरा करने के साथ- साथ एक कुशल कार्यबल तैयार करने में काफी मदद करेगी जो देश में दूरसंचार इको-सिस्टम को बढ़ावा देगी और देश में एक मजबूत डिजिटल बुनियादी ढांचे का निर्माण सुनिश्चित करेगी।

एरिक्सन 120 वर्षों से अधिक समय से भारत के दूरसंचार क्षेत्र में भागीदार रहा है और यह केन्द्र हमारी अटूट प्रतिबद्धता का एक और उदाहरण है। भारत में एरिक्सन की शैक्षिक पहल में समाज के वंचित वर्गों की सैकड़ों मेधावी लड़कियों को वित्तीय सहायता प्रदान करना शामिल है जो तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *