इटावा : उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के इकदिल इलाके में बिना अनुमति संचालित दो ईट भट्टो को प्रशासनिक टीम ने सीज कर दिया है। उप जिला अधिकारी विक्रम सिंह राघव ने गुरूवार को बताया कि ईट भट्टों को सीज करने की कार्रवाई फिरोजाबाद से आई प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम, इटावा के जिला खनन अधिकारी की संयुक्त कार्रवाई में संपन्न कराई गई है। जिन ईट भट्टों सीज किया गया है उनके नाम नीलकंठ बाबा ईट भट्टा और पारस ईट भट्टा है । यह दोनों ईट भट्टे इकदिल इलाके में संचालित होते हैं। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के क्रम में इटावा जिले में 95 ईट भट्टों को गैरकानूनी करार देकर के बंद करने के निर्देश देकर रखे गए हैं लेकिन इसके बावजूद ऐसा देखा गया है कि कई ईट भट्टे इन निर्देशों के क्रम के बावजूद भी संचालित हो रहे हैं। आज सीज किए गए ईंट भट्टे के बारे में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और खनन विभाग को यह जानकारी दी गई थी कि यह दोनों ईट भट्टे प्रदूषण अनुमति के बिना संचालित किए जा रहे हैं और इसी वजह से यह कार्रवाई अमल में लाई गई है।
