गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हर बूथ को डिजिटल व सशक्त बनाया जायेगा

भोपाल : विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ विस्तारक अभियान-2 कोई सामान्य अभियान नहीं, बल्कि एक बहुआयामी अभियान है। शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार एवं शिवराज सरकार गरीबों का जीवन बदलने वाली जो योजनाएं चल रही हैं, उनके हितग्राहियों से बूथ पर मिलना और जो इन योजनाओं से वंचित हैं, उनको लाभ दिलाने का काम हमें करना है। इस अभियान के अंतर्गत ‘चलो-बूथ-की-ओर’ के ध्येय को आत्मसात करते हुए कार्यकर्ता और 12 हज़ार विस्तारक हर बूथ को डिजिटल व सशक्त बनाकर नया इतिहास रचेंगे।
शर्मा ने आज भोपाल मध्य विधानसभा के वार्ड क्रमांक 51 के बूथ क्रमांक 242 एवं उत्तर विधानसभा स्थित चौक मंडल के वार्ड 23 के बूथ क्रमांक 62 पर बूथ विस्तारक अभियान-2 का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि 2003 से पहले बीमारू राज्य कहलाने वाला मध्यप्रदेश आज विकसित राज्य बन गया है। महिला सशक्तीकरण के काम में जुटी हमारी सरकार ने प्रदेश में ‘लाडली बहना योजना’ लाकर इतिहास बनाया है। केन्द्र और प्रदेश सरकार के योजनाओें के कारण आज बेटी बोझ नहीं, बल्कि हमारा अभिमान बन गई हैं। यह महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं का ही प्रभाव है कि प्रदेश में अब 1000 बेटों पर 956 बेटियां जन्म ले रही हैं।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामाप्रसाद मुखर्जी के विचारों पर चलकर आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा दल बनी है। आज देश के 16 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि आज से शुरू हो रहे अभियान के अंतर्गत समाज के प्रबुद्ध वर्ग, युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ने के साथ ही भाजपा सरकार की गरीब हितैषी योजनाओं का लाभ भी पात्र नागरिकों को दिलाने में जुट जाएं, जिससे हमें बूथों पर 51 प्रतिशत वोट प्राप्त करने में मद्द मिलेगी।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने महिला कार्यकर्ता कृष्णा बाथम को पन्ना प्रमुख बनाया। तत्पश्चात भोपाल के महाराणा प्रताप मंडल के शक्ति केन्द्र क्रमांक 4 में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विस्तारक के रूप में बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों से चर्चा की और उन्हें बूथ के 22 करणीय कार्यों के बारे में समझाया। शाहपुरा मंडल में हितग्राही संपर्क अभियान में उपस्थित बहनों पर पुष्पवर्षा कर सम्मानित किया। इसी प्रकार उत्तर भोपाल विधानसभा के बूथ क्रमांक 62 में भी प्रदेश अध्यक्ष ने स्थानीय बूथ समिति के सदस्यों से संवाद किया। संगठन एप्प के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने स्वयं बूथ के सदस्यों व कार्यकर्ताओं का डिजिटल पंजीयन किया।
इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी कांतदेव सिंह, म.प्र. इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम के अध्यक्ष शैतान सिंह पाल, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, बूथ अध्यक्ष देवेन्द्र वर्मा, मंडल अध्यक्ष उत्कर्ष नायक, शक्तिकेंद्र प्रभारी भगवत रघुवंशी, संयोजक अमोल यादव, सह संयोजक दीपक राजपूत, हितग्राही ममता चौहान सहित बूथ के सदस्य, पन्ना प्रमुख, पन्ना समिति के सदस्यों सहित कार्यकर्तागण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *