गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इंडिया समूह की सरकार आने पर एक-एक पैसे का हिसाब होगा

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने कहा जिस दिन इंडिया समूह की सरकार बनेगी एक-एक पैसे का हिसाब होगा और बेईमानों से सारा पैसा वापस लिया जाएगा।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बुधवार को कहा कि भाजपा को भ्रष्टाचार से कोई परहेज नहीं है बल्कि भ्रष्टाचार की सबसे बड़ी संरक्षक पार्टी है। इलेक्टोरल बॉन्ड में भी यह बात सामने आ गई है। इससे यह बात साबित होती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने अपने चंद दोस्तों का 15 लाख करोड़ रुपए माफ किया। अब भाजपा का एक और बड़ा भ्रष्टाचार सामने आया है, जो देश को हैरान कर देगा।
उन्होने कहा कि जिस 2जी के खिलाफ श्री मोदी से लेकर पूरी भाजपा विरोध प्रदर्शन कर रही थी। भाजपा 2जी के आवंटन को लेकर आरोप लगा रही थी कि ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की नीति गलत है।श्री सिंह ने कहा कि ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की नीति को सुप्रीम कोर्ट ने पूरी तरह से नकारते हुए 2012 में यह कहा कि यह नीति किसी भी हालत में लागू नहीं होनी चाहिए। स्पेक्ट्रम लाइसेंस के लिए सरकार को नीलामी की प्रक्रिया अपनानी होगी। इस पर आज प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार पूरे देश के सामने बेनकाब हो गई। 2023 में मोदी सरकार ने संसद से विपक्षी दलों के 150 से ज्यादा सांसदों को बाहर कर दिया और चुपके से ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की नीति को सदन में फिर पास कर दिया।
उन्होंने कहा कि यह लोग सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को भी नहीं मानते हैं। इलेक्टोरल बॉन्ड पर निर्णय आया, तो भाजपा उसके खिलाफ खड़ी हो गई। 2जी स्पेक्ट्रम पर इतना ऐतिहासिक फैसला आया, ये उसके भी खिलाफ खड़े हैं। ये मोदीजी का 5जी घोटाला है, अपने दोस्तों के लिए वो सब कुछ करने के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लिए नहीं, अपने दोस्तों पर सबकुछ कुर्बान करने को तैयार हैं।
आप नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री देश की जनता को मुर्ख समझना बंद करें। प्रधानमंत्री ने चंद पूंजीपतियों का 15 लाख करोड़ माफ कर दिया और देश के बड़े-बड़े भ्रष्टाचारियों को भाजपा में शामिल कर लिया। प्रधानमंत्री एक तरफ भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलते हैं और दूसरी तरफ भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देते हैं और उनको लाइसेंस देना चाहते हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में 5जी घोटाला किया जा रहा है। यह देश का सबसे बड़ा 5जी महाघोटाला साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *