गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाजपा से हर कोई दुखी: अखिलेश

लखनऊ : अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कार्यकाल में अन्याय, अत्याचार चरम पर है और समाज का हर वर्ग दुखी है।
यादव ने कहा कि भाजपा के शीर्ष पदों पर बैठे लोग जिस तरह की भाषा का प्रयोग करते है वह न तो संवैधानिक है और न लोकतांत्रिक। दूसरों पर झूठे आरोप लगाने वाले भाजपा नेताओं को खुद देखना चाहिए कि वे कैसे है। भाजपा ब्रह्माण्ड की सबसे झूठी और भ्रष्ट पार्टी है। इनका अस्तित्व ही झूठ पर टिका हुआ है। भ्रष्टाचार के मामले में तो भाजपा सरकार ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। भाजपा के लोग भ्रष्टाचार खुद करते हैं। भ्रष्टाचारियों को खुद पालते-पोसते हैं। आरोप विपक्षी दलों पर लगाते है।
उन्होने कहा कि भाजपा सरकार ने नोटबंदी से लेकर इलेक्टोरल बांड तक न जाने कितने भ्रष्टाचार किये हैं। इन सबकी जांच हो जाएगी तो यह देश ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार साबित होगा। भ्रष्टाचार करके ही भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। भ्रष्टाचार के पैसे से भाजपा सारे अलोकतांत्रिक और अनैतिक कार्य कर लोकतंत्र और संविधान को नुकसान पहुंचा रही है।
सपा अध्यक्ष ने कहाk कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद जनहित में फैसले लेने के बजाय देश की संवैधानिक और सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग किया है। सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं से भाजपा के लिए चंदे की वसूली करायी। चुनावी चंदे के लिए तमाम कम्पनियों पर छापे डालकर उन्हें डराया गया। चंदा वसूला गया।
विपक्ष के नेताओं के झूठे मामलों में फंसाकर जेल में डालकर उनकी आवाज दबायी गयी। भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया गया। दस साल की सरकार में भाजपा का कृत्य संविधान और लोकतंत्र विरोधी रहा है। भाजपा ने जनता से किये वादों को पूरा नहीं किया।
उन्होने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी बढ़ाकर गरीब और मध्यम वर्ग की जनता, नौजवानों और व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। आम जनता में भाजपा को लेकर भारी आक्रोश है। जनता लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताकर भाजपा को करारी शिकस्त देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *