कोलकाता : पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले के दत्तपुकुर में रविवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट में कम से कम तीन लोगों की जलकर मौत हो गयी जबकि कुछ अन्य बुरी तरह झुलस गये। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने हालांकि दावा किया कि कम से कम सात लोग हताहतों की सूची में थे , जिसकी अधिकारियों ने अभी तक पुष्टि नहीं की है।
उन्होंने बताया कि विस्फोट सुबह करीब 10 बजे दत्तपुकुर थाना क्षेत्र के नीलगंज-मोशपोल के आवासीय इलाके में हुआ। विस्फोट से घर में आग लग गयी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। अब तक मलबे से तीन जले हुए शव बरामद किये हैं। वहीं बुरी तरह झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। विस्फोट में आसपास के कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, तीन की मौत
