गोण्डा : उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के तरबगंज क्षेत्र में सोमवार को एक बंद पड़े मकान में पटाखा बनाते समय हुये विस्फोट में एक किशोर समेत दो लोगों की मृत्यु हो गयी जबकि तीन अन्य बुरी तरह घायल हो गये। घायलों को जिला अस्पताल से लखनऊ ट्रामा सेंटर स्थानांतरित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि क्षेत्र के बेलसर गांव में स्थित एक बंद मकान की चार दीवारी में पड़ोस के रहने वाले कुछ लोग मिलकर अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम चोरी छिपे कर रहे थे कि अचानक विस्फोट होने से दीवार गिर गयी। इस हादसे में आकाश(15) और लल्लू (30) की मौत हो गयी जबकि आयगा,इश्तियाक और कृष्णकुमार घायल हो गये।
एसपी ने बताया कि तीनों घायलों को इलाज के लिये अस्पताल भेजा गया था जिन्हें चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया।मौके पर उच्चाधिकारियों द्वारा घटना की गहन पड़ताल करायी जा रही है।
गोण्डा में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, दो मरे, तीन घायल
