गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जनवरी में वस्तुओं का निर्यात 3.12 प्रतिशत बढ़ा

नई दिल्ली : देश से इस वर्ष जनवरी में पेट्रोलियम उत्पाद, इंजीनियरिंग सामान, लौह अयस्क, इलेक्ट्रॉनिक सामान, दवाएं और फार्मास्यूटिकल्स समेत वस्तुओं का निर्यात इसके पिछले वर्ष की समान अवधि के 35.80 अरब डॉलर के मुकाबले 3.12 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 36.92 अरब डॉलर हो गया।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2024 में देश ने 54.41 अरब डॉलर के वस्तुओं का आयात किया, जो जनवरी 2023 के 52.83 अरब डॉलर से 2.9 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में सेवा क्षेत्र का निर्यात 28 अरब डॉलर से 17.14 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 32.80 अरब डॉलर हो गया। इसी तरह सेवाओं का आयात 14.83 अरब डॉलर के मुकाबले 8.22 प्रतिशत बढ़कर 16.05 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
आलोच्य अवधि में वस्तुओं और सेवाओं का कुल निर्यात 63.80 अरब डॉलर की तुलना में 9.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.72 अरब डॉलर जबकि इनका कुल आयात 67.65 अरब डॉलर के मुकाबले 4.15 प्रतिशत बढ़कर 70.46 अरब डॉलर हो गया। इस तरह जनवरी 2023 के मुकाबले जनवरी 2024 में व्यापार घाटा 3.85 अरब डॉलर से कम होकर 0.74 अरब डॉलर हो गया।
आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात 7.7 अरब डॉलर से 6.57 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 8.21 अरब डॉलर, इंजीनियरिंग सामान का निर्यात 8.41 अरब डॉलर से 4.20 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 8.77 अरब डॉलर, इलेक्ट्रॉनिक सामान का निर्यात 2.11 अरब डॉलर से 9.31 प्रतिशत बढ़कर 2.30 अरब डॉलर तथा दवाओं और फार्मास्युटिकल उत्पादों का निर्यात दो अरब डॉलर से 6.84 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2.13 अरब डॉलर हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *