चित्तौड़गढ़ : राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के बेंगू क्षेत्र के एक सरपंच एवं ग्राम सचिव को फर्जी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का अधिकारी बन ठगने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बेंगु थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जयनगर के सरपंच भागुतालाल गुर्जर एवं सामरिया के ग्राम सचिव उदयलाल लौहार को फोन कर एक व्यक्ति ने खुद को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का अधिकारी बता रिकार्ड जप्त करने की धमकी दी और 15 हजार रूपये वसूल कर लिये। शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर भीलवाड़ा जिले के थाना रायपुर के ग्राम कोशीथल निवासी पारसमल जाट को गिरफ्तार किया एवं उसके कब्जे से एक बोलेरो जीप जप्त की जिस पर बोर्ड स्टेट सेक्रेटरी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की प्लेट भी लगी हुई थी।
पूछताछ में आरोपी ने इसी तरह कई ग्राम सरपंचों एवं ग्राम सचिवों से पैसा वसूलना स्वीकार किया है। उसने पूछताछ में बताया कि कोई भी ग्राम सरपंच अथवा सचिव भ्रष्टाचार से अछूता नहीं है ऐसे में उन्हें एसीबी के नाम से धमकाकर रूपये वसूलना आसान है। आरोपी यह कार्य लम्बे समय से कर रहा था और इसने चित्तौउ़गढ़ के अलावा राजसमंद, भीलवाड़ा और बूंदी में भी कई वारदातें करना कबुल की है। पुलिस इसके बयानों का सत्म्यापन कर रही है।
फर्जी एसीबी अधिकारी बन वसूली करने वाला गिरफ्तार
