गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जिला चिकित्सालय बड़वानी में सात वर्ष बाद पुनः प्रारंभ हुए नेत्र ऑपरेशन

बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी स्थित जिला चिकित्सालय में सात वर्षों के उपरांत आज से पुनः नेत्र ऑपरेशन आरंभ हो गए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार 15 नवम्बर 2015 को नेत्र ऑपरेशन के पश्चात् 70 से अधिक मरीजों की आंखो की रोशनी चली जाने से जिला चिकित्सालय बड़वानी में विगत 07 वर्षो से नेत्र संबंधित मेजर एवं माईनर ऑपरेशन होना बंद हो गये थे। विगत जुलाई माह 2022 में राज्य स्तर से नेत्र विभाग की टीम द्वारा जिला चिकित्सालय बड़वानी में नेत्र ओटी एवं वार्ड का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण दल ने अपनी रिपोर्ट कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा को प्रस्तुत करते हुए बताया था कि बड़वानी जिला चिकित्सालय की ओटी में पुनः आपरेशन प्रारंभ हो सकते हैं।
कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशन में सिविल सर्जन डाॅ मनोज खन्ना ने जिला चिकित्सालय बड़वानी में बंद पड़ी नेत्र ओटी एवं वार्ड में आवश्यक मरम्मत कार्य और निर्धारित प्रोटोकॉल अनुसार ओटी के निरंतर 03 कल्चर टेस्ट कराये जाने के उपरांत पुनः ओटी प्रारंभ की। आज राज्य स्तर से आदेशित डॉ जी एस अवास्या नेत्र रोग विशेषज्ञ जिला चिकित्सालय झाबुआ द्वारा बड़वानी के जिला चिकित्सालय में उपस्थित होकर 19 मोतियाबिन्द के ऑपरेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *