काकीनाडा : आंध्र प्रदेश के डॉ बीआर अंबेडकर कोनासीमा जिले में शनिवार शाम तेज हवाएं चलने और अचानक शुरु हुयी बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी में शरण लेने वाले एक किसान की पेड़ गिरने से मौत हो गयी पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। अलामुरू मंडल के चोपेला गांव में हुई इस दुर्घटना में किसान शरण लेने के लिए एक झोपड़ी में घुस गये। इस बीच एक तेज आंधी के कारण एक पेड़ झोपड़ी पर गिर पड़ा। इस हादसे में एक अन्य किसान के दोनों पैर मामूली रूप से जख्मी हो गये। पुलिस के अनुसार किसान बैंगन के खेत में कीटनाशक का छिड़काव कर रहे थे। इस दौरान मौसम खराब हो गया था जिसके कारण उन्हें झोपड़ी में शरण लेनी पड़ी थी। घायल किसान को एक स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
