गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

किसानों ने बाजारों में रोष मार्च निकाला, फूंका भाजपा का पुतला

सिरसा : हरियाणा के सिरसा में रविवार को किसानों ने बाजारों में रोष मार्च निकाला और बाद में भारतीय जनता पार्टी के पुतले फूंके। इससे पहले आज किसान नेहरू पार्क में एकत्रित हुए। यहां से पुतले उठाकर नारेबाजी करते हुए बाजारों से होकर डा.भीमराव अम्बेडकर चौक पहुंचे जहां पुतले का दहन किया गया।
भारतीय किसान एकता के अध्यक्ष लखविंद्र सिंह औलख ने बताया कि 13 फरवरी से किसान आंदोलन-2 चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए वायदों के अनुसार किसान अपनी मानी हुई मांगों को लागू करवाने के लिए किसान आंदोलन कर रहे हैं। किसान अपनी मांगों को लेकर दिल्ली जा रहे थे, लेकिन भाजपा सरकार ने सड़कों पर कंक्रीट की दीवारें बनवाई, पूरे हरियाणा की सड़कें बंद कर दी। हरियाणा की भाजपा सरकार ने पंजाब के शंभू व खनौरी बॉर्डर पर किसानों पर जहरीली आंसू गैस के गोले, मोर्टार इंजेक्टर व गोलियां बरसाई जिससे युवा किसान शुभकरण सिंह मौत तक हो गई व सैकड़ों किसान घायल हुए। किसानों के कैंप में घुसकर उनके ट्रैक्टर व गाडिय़ों को तोड़ा गया। भाजपा सरकार ने किसानों को गिरफ्तार करके जेलों में डाला,अभी तक तीन किसान अनीश खटकड़, नवदीप सिंह व गुरकीरत सिंह जेलों में बंद है। उनकी रिहाई को लेकर व किसानों पर हुए अत्याचार के विरोध में आज पूरे देश में रोष मार्च निकालते हुए भाजपा के पुतले फूंके गए हैं।
श्री औलख ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा किसानों को ‘उपद्रवी’ कहने की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि अगर आंदोलनकारी किसान उपद्रवी हैं तो दिल्ली से चलकर भाजपा के मंत्री चंडीगढ़ में पूरी-पूरी रात किसानों के साथ मीटिंग कैसे करते रहे। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी किसानों को कहे गए अपशब्दों पर माफी मांगें नहीं तो किसानों को मजबूरन उनका विरोध करना पड़ेगा। इस मौके पर अंग्रेज सिंह कोटली, हंसराज पचार मतूवाला सहित अनेक गांवों के किसानों ने हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *