सिरसा : हरियाणा में सिरसा के डबवाली उपमंडल के गांव अबूबशहर के पास भाखड़ा नहर पर बनाए जा रहे हैड को अवैध बताते हुए इसके निर्माण को लेकर क्षेत्र के किसान पखवाड़ाभर से धरने पर बैठे हैं। किसानों का आरोप है कि कुछ राजनेता अपने खेतों में अधिक सिंचित जल ले जाने के लिए नये हैड का निर्माण करवा रहे हैं।
इस निर्माण को रोकने की मांग लेकर मंगलवार को डबवाली हलके के मौजगढ़, मसीतां, लखुआना, अबूबशहर, गिदडख़ेड़ा, गंगा, सुखेराखेड़ा, जंडवाला बिश्रोईयां, लंबी, कालुआना, मोडी, गोदिकां, नया राजपुरा माजरा, गोबिंदगढ़, सकताखेड़ा सहित 15 गांवों के किसान लघु सचिवालय में उपायुक्त से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा-जजपा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
मीडिया से बातचीत में किसान नेता कुलदीप भांभू सहित अन्य किसानों ने बताया कि सरकार की तरफ से प्रस्तावित नया हैड बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है, जिसके अंर्तगत एक नया हैड गांव अबूबशहर तहसील डबवाली के एरिया में बनाने का प्रस्ताव है,जोकि मौजगढ़ हैड से निकलने वाले दोनों माइनरों को डिस्टर्ब करेगा। इसी के साथ मौजगढ़ हैड से निकलने वाले दो माइनरों को नए तरीके से रि-मॉडलिंग करके छोटा बनाया जाना है जिससे मौजूदा समय में चल रहे माइनरों का साईज कम हो जाएगा। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा बार-बार इस योजना का विवरण दिया जा रहा है।
किसानों ने कहा कि अगर ये प्रस्तावित काम पूरा हो जाता है तो इससे 20 गांव प्रभावित होंगे जिसमें से 15 गांवों के किसान आज यहां पहुंचे है। हम पिछले 14 दिनों से डबवाली में धरना दिए हुए है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के18 सितंबर को सिरसा आगमन पर अपनी बात रखने के लिए समय दिलवाया जाए। किसानों ने कहा कि अगर हमारी सुनवाई या मुख्यमंत्री से मुलाकात न हुई तो फि र हम18 सितंबर को मुख्यमंत्री के सिरसा दौरे का विरोध जताएंगे।
भाखड़ा नहर के अबूबशहर हैड के निर्माण से किसान खफा
