गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

फर्रुखाबाद : व्यापारी की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक कर लूटे सवा चार लाख रुपये

फर्रुखाबाद : उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में, सशस्त्र बाइक सवार लुटेरे ऑटो पार्ट्स के एक व्यापारी की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक कर उससे करीब 4.25 लाख रुपए लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने शनिवार को बताया कि शहर के मोहल्ला बालाजीपुरम निवासी गगन कटियार (38 वर्ष) बीती रात करीब सवा नाै बजे बद्री विशाल डिग्री कॉलेज के सामने स्थित अपनी ऑटो पार्ट्स की दुकान बंद करके अपने पड़ोसी युवक लकी के साथ एक मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे।
जब व्यापारी की मोटरसाइकिल लाल गेट इलाके में पांचाल घाट मार्ग पर पहुंची तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन सशस्त्र लुटेरे बदमाशों ने, तमंचा दिखाकर उन्हें रोका। विरोध करने पर एक लुटेरे बदमाश ने तमंचे से फायर किया तथा दूसरे लुटेरे ने मिर्ची पाउडर आंखों में झोंक कर उनसे नगदी का बैग छीन कर पांचाल घाट की ओर फरार हो गए। बैग में करीब 4.25 लाख रुपये रखे थे। इस दौरान चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने जब लुटेरों का पीछा करने की कोशिश की तो सशस्त्र लुटेरों ने तमंचे से फायर किये।
व्यापारी गगन कटियार ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक कंपनी का सवा दो लाख रुपये का भुगतान करना था। उस कंपनी का अधिकारी नहीं आया और दो लाख रुपए की दुकान की बिक्री सहित करीब 4.25 लाख रुपये बैग में लेकर वह घर जा रहे थे।
इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने लुटेरों को पकड़ने के लिये पुलिस की चार टीमों का गठन किया है। उन्होंने पुलिस को जल्द वारदात का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *