भिंड : मध्यप्रदेश के भिंड जिले के बरोही थाना क्षेत्र में आज ट्रेन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों के अनुसार बरोही थाना क्षेत्र के रेपुरा पंचायत के खिदरपुरा गांव में रहने वाले 50 वर्षीय हरिसिंह नरवरिया आज रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। तभी सामने से इंटरसिटी एक्सप्रेस आ गई। पिता को रेलवे ट्रैक पर देखकर उनका छोटा बेटा मुनेश बचाने के लिए दौड़ा।
इसी समय दोनों पिता-पुत्र ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई। गांव के लोग रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। इस हादसे की सूचना लगते ही बरोही थाना पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षत-विक्षप्त शव को अपने कब्जे में लेकर भिण्ड अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।
