भिवानी : रक्षाबंधन पर्व से एक दिन एक पिता ने आर्थिक तंगी के कारण मंगलवार को यहां पहले अपनी आठ वर्षीय पुत्री की तेज धारदार हथियार से हत्या की और इसके बाद फंदा लगा कर जान दे दी। पुलिस ने बताया कि विद्यानगर में किराये के मकान में रहने वाले पवन(30) ने पुत्री रिया (8) का गला रेत कर हत्या की और इसके बाद इसके बाद खुद पंखे से फंदा लगाकर खुदकशी कर ली। बताया जाता है कि वारदात जब हुई तो उस समय पवन की पत्नी घर में नहीं थी। वह कई दिनों से मायके में है।
घटना के बाद घर में मातम पसर गया। पवन अपने भाई की स्टील और एल्यूमीनियम की दुकान पर काम करता था। सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी विशेष टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बाप-बेटी के शव कब्जे में लेकर इन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया। ‘सुसाइड नोट’ में पवन ने आर्थिक तंगी के कारण यह कदम उठाने की बात लिखी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा वह ‘सुसाइड नोट ’ के साथ इस घटना की विभिन्न कोण से जांच कर रही है।
