खरगोन :.मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बरुड़ थाना क्षेत्र में आज शराब को लेकर हुए विवाद में एक 70 वर्षीय व्यक्ति ने अपने पुत्र की हत्या कर दी। खरगोन के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राकेश मोहन शुक्ला ने बताया कि यहां से 10 किलोमीटर दूर बरुड़ थाना क्षेत्र के उमरखली ग्राम में 70 वर्षीय विष्णु पाटिल को उसके पुत्र राजेश की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों में आज शराब को लेकर विवाद हो रहा था और मामला आगे बढ़ने पर विष्णु ने सब्जी के चाकू से राजेश की छाती और पेट पर 2 वार किए जिसके चलते वह बुरी तरह घायल हो गया। राजेश ने 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि विष्णु की पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी और राजेश की दो शादियां होने के बावजूद उसके निकम्मे होने के चलते दोनों पत्नियां उसे छोड़कर जा चुकी थी।
