गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

धनबाद के बहुमंजिला आशीर्वाद टावर में भीषण आग, 14 की मौत,18 घायल

धनबाद । झारखंड के धनबाद में एक बहुमंजिली इमारत में भीषण आग लग गई जिसमें कई लोगों के मारे जाने और घायल होने की सूचना है। बताया जाता है कि आग धनबाद स्थित आशीर्वाद टावर में लगी है। इस घटना से पूरी इमारत में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी राहत कार्य में लगे हैं। इस अग्निकांड में 4 फ्लैट जलकर खाक हो गए हैं।
मरने वालों में 8 महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। 18 लोग अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे में मारे जाने वाले लोगों में अधिकांश महिलाएं एवं बच्चे बताए जा रहे हैं। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि हादसे में मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है क्योंकि कई लोग अभी भी इमारत में फंसे बताए जा रहे हैं। डराने वाली बात यह कि इमारत में आग नीचे से लगी जिसके ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने की आशंका हैं। अभी तक चार फ्लैट जलकर खाक हो चुके हैं। पुलिसबल और दमकलकर्मी बचाव और राहत के काम में जुटे हैं। हादसे में अब तक 18;अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी बताए जा रहे हैं। इन लोगों को पास के पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जिला प्रशासन ने बड़ी संख्या में एंबुलेंस गाड़ियों को मौके पर बुलाया है। बताया जाता है कि ;जिस फ्लैट में आग लगी उसमें रहने वाले परिवार में शादी थी। इसी फ्लैट में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया।
10 मंजिला आशीर्वाद टावर में भीषण आग से लोगों में अफरातफरी का माहौल है। लोग अपनों की कुशलता के लिए परेशान हैं। आग के बुरी तरह से फैल जाने के कारण दमकलकर्मियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आस पास के थानों के पुलिस बल को भी मौके पर बुलाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ऊपर के फ्लैट में कई लोग फंस गए हैं। बच्चे, महिलाओं और बुजुर्गां के रोने चीखने की आवाजें आ रही हैं। आग की लपटें विकराल होती जा रही हैं। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें दूर से ही नजर आ रही हैं।
घर में थी शादी, लग गई आग
मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि जिस घर में आग लगी उसमें शादी थी। 31 जनवरी को ही सिद्धि विनायक होटल में पार्टी थी, लेकिन आग की वजह से खुशियां मातम में बदल गईं। आग से बचकर बाहर आए लोगों ने बताया कि कई शव सीढ़ियों पर पड़े हैं। लोग बदहवास होकर इधर-उधर भाग रहे हैं।
बचाव कर्मी भी झुलसे
आग इतनी भीषण है कि कुछ बचावकर्मी भी झुलस गए हैं। लोगों को बचाते समय बैंक मोड़ थाना प्रभारी पीके सिंह भी झुलस गए हैं। उन्हें इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *