जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर में आगामी चार फरवरी को एयू जयपुर मैराथन का आयोजन किया जायेगा जिसका बुधवार को यहां इवेंट कैलेंडर लॉन्च किया गया। “दौड़ बदलाव की, जिद जीत की” ध्येय के साथ इवेंट कैलेंडर लॉन्च किया गया। वर्ल्ड ट्रेड पार्क और संस्कृति युवा संस्था द्वारा एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के सहयोग से चार फरवरी को एयू जयपुर मैराथन का आयोजन होगा। मैराथन के आयोजक पंडित सुरेश मिश्रा ने बताया कि मैराथन में 18 देशों के करीब एक लाख धावकों के भाग लेने की उम्मीद है। मैराथन में 25 हजार से अधिक स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी भी शामिल होंगे। भारी संख्या में महिलाएं भी इस दौड़ का हिस्सा बनेंगी। शहर को स्वच्छ और सुंदर बने रहने का संदेश देती एयू जयपुर मैराथन के इवेंट के पार्टनर आवास फाइनेंर्स और मेडिकल पार्टनर नारायणा हेल्थ हॉस्पिटल हैं।
इवेंट कैलेंडर लॉन्च के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एयू स्मॉल फाइनेंस बैक के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट सौरभ तांबी और आवास फाइनेंस लि. के चीफ पर्सन ऑफिसर अंशुल भार्गव ने जयपुरवासियों को स्वस्थ रहने और अधिक से अधिक संख्या में एयू जयपुर मैराथन से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जयपुर सांसद राम चरण बोहरा ने कहा कि एयू जयपुर मैराथन के साथ ही दौड़ के उत्सव की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वह इससे दस साल से जुड़े हुए हैं और जयपुर में मैराथन का मतलब एक दूसरे का सहयोग करना है। उन्होंने अगली एयू जयपुर मैराथन में एक नए व़िजन के साथ उतरने की अपील की।
विशिष्ठ अतिथि सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि एयू जयपुर मैराथन दौड़ते कदमों के उत्सव का दिन है। उन्होंने कहा कि जयपुर मैराथन निश्चित तौर पर अपने नाम को पूरा करने की ओर अग्रसर है। विधायक शर्मा ने अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन से जुड़ने का आह्वान किया है।
चार फरवरी को होगी पन्द्रहवीं एयू जयपुर मैराथन
