श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं हज कमेटी ऑफ इंडिया के सदस्य एजाज हुसैन पर श्रीनगर में दो लोगों से मारपीट और उत्पीड़न करने, गलत रूप से रोकने और जानबूझकर चोट पहुंचाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। हुसैन बलहामा से श्रीनगर जिला विकास परिषद (डीडीसी) के सदस्य भी हैं। पुलिस ने बताया कि नाजिम हुसैन भट और इमदाद अली मीर ने पंथाचौक थाने में हुसैन के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी, जिसके आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
श्रीनगर पुलिस ने एक ट्वीट में कहा, “नाजिम हुसैन भट और इमदाद अली मीर की शिकायत के आधार पर डीडीसी सदस्य एजाज हुसैन के खिलाफ गलत तरीके से रोकने और जानबूझकर चोट पहुंचाने के आरोप में पंथाचौक थाने में 30 मई आईपीसी की धारा 323, 341 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।” श्रीनगर के बाहरी इलाके सेमपोरा में कथित रूप से हमले का शिकार होने के बाद बलहामा के परिवार ने मंगलवार शाम को डीडीसी सदस्य के खिलाफ-विरोध प्रदर्शन किया। श्रीनगर के मेयर जुनैद मट्टू ने भी डीडीसी सदस्य द्वारा कथित हमले का मुद्दा भी उठाया।
मट्टू ने ट्वीट कर कहा, “भाजपा से संबंधित एक डीडीसी सदस्य ने श्रीनगर के बलहामा में आतंक का राज फैला रखा है। एक महीने से भी कम समय में किसी नागरिक पर किया गया यह दूसरा हमला है। यहां तक कि महिलाओं पर भी हमले किये जा रहे हैं।” डीडीसी सदस्य हुसैन ने श्री मट्टू के ट्वीट का जवाब दिया और आरोप लगाया कि उनका विरोध करने वाले लोग वास्तव में भू-माफिया हैं जिन्होंने कश्मीरी पंडितों की संपत्तियों और राज्य की जमीन पर कब्जा कर लिया है।
उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, “श्रीमान् मट्टू मुझे नहीं पता था कि आप भी भू-माफिया का एक हिस्सा हैं। आरोप लगाने वाले लोग वास्तव में भू-माफिया हैं, जिन्होंने पंडितों की संपत्तियों और राज्य की जमीन पर कब्जा कर लिया है और उन्हें संबंधित नायब तहसीलदार ने नोटिस भी दिया है।” पिछले महीने, श्रीनगर डीडीसी के अध्यक्ष आफताब मलिक ने श्री हुसैन पर एक इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर उनके और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था।
भाजपा नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
