अमृतसर : पंजाब के अमृतसर में बढ़ती इमारतों की ऊँचाई को ध्यान में रखते हुए शनिवार को स्थानीय निकाया मंत्री डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने मेयर कर्मजीत सिंह रींटू की मौजूदगी में नगर निगम को आधुनिक एरियल हाइड्रोलिक लैंडर प्लेटफाॅर्म मशीन सौंपी। नगर निगम को उन्नत करने के लिए स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 8.50 करोड़ रुपये की मशीनें खरीदी गयी हैं।
इस मौके पर मंत्री डाॅ. निज्जर ने बताया कि इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 8.50 करोड़ रूपये है, जिसमें से मशीन बनाने वाली कंपनी द्वारा ही सात वर्षों तक मशीन का ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस और पहले छह महीनों तक नगर फायर ब्रिगेड विभाग के अधिकारियों और मुलाजिमों को मशीन चलाने का प्रशिक्षण देगी।
इस प्लेटफार्म के साथ फायर ब्रिगेड विभाग के पास पहले से ही स्मार्ट सिटी मिशन तहत खरीदे गए वाटर ब्राउज़र टेंडर को इस मशीन के साथ जोड़कर लगभग 70 मीटर ऊँचाइ तक आगजनी पर काबू पाया जा सकेगा। इस मशीन के माध्यम से आगजनी वाली इमारत के बाहर 52 मीटर की ऊंचाई तक जाकर बचाव भी आसानी से हो सकेगा।
यह मशीन इन्फ्रारेड टेक्नाेलॉजी से लैस है, जिससे की आग पर प्रभावी तरीके से काबू पाया जा सकता है। मेयर रींटू ने कहा की फायर ब्रिगेड विभाग को प्राथमिकता के आधार पर इन मशीनों का उन्नत किया जा रहा है और पहले भी स्मार्ट सिटी मिशन के तहत लगभग 4.5 करोड़ रुपयों के आधुनिक उपकरणों से फायर ब्रिगेड विभाग को अपग्रेड किया गया है।
