अजमेर : राजस्थान के अजमेर में आज पटाखा व्यवसायियों ने प्रशासन के उस आदेश का विरोध किया जिसमें दीपावली पर्व पर अस्थायी पटाखों की दुकानों को शहर के केवल चार स्थानों पर ही विक्रय करने की अनुमति दी गई। पटाखा व्यवसायियों ने उपमहापौर नीरज जैन एवं कांग्रेस के निवर्तमान महासचिव शिव बंसल के नेतृत्व में जिला कलक्टर से मुलाकात की और विरोध का ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में बताया कि कोविड के बाद दो वर्ष के अंतराल पर खुशियों के दिन लौटे हैं और आमजन खासकर बच्चों तथा पटाखा विक्रेताओं में व्यापक उत्साह है। अजमेर प्रशासन ने शहर के केवल चार स्थानों पर पटेल मैदान, पंचशील, चंद्रवरदाई नगर, तथा तोपदड़ा स्कूल पर ही पटाखे विक्रय की अनुमति दी है जो व्यवहारिक नहीं है।
उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए शहर के अन्य स्थानों पर पटाखों की दुकानें लगाने, पटाखे विक्रय करने तथा विक्रय की अवधि 29 अक्टूबर तक किए जाने की मांग की है। कलक्टर को यह भी अवगत कराया गया कि प्रदेश के अनेकों जिलों में तो अस्थायी पटाखे विक्रय के लाइसेंस भी जारी किए जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि कलक्टर ने संपूर्ण बातें सुनने के बाद सुरक्षा विशेषज्ञों से बात कर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
