फिरोजाबाद : उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के नगला सिंधी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का गोली लगा हुआ शव थार जीप में पड़ा मिला। पुलिस अधीक्षक नगर सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि नगला सिंधी क्षेत्र में आज सुबह सड़क किनारे खड़ी एक थार जीप में एक युवक का शव सीट पर पड़े होने की जानकारी मिली थी। क्षेत्रीय थाना पुलिस के अलावा मौके पर वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाये गये।
मृत युवक की शिनाख्त आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र के गांव नगला महुआ निवासी धर्मवीर यादव के रूप में कर ली गई है।
उन्होने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतक परिवार में अकेला ही था। उसके पिता का भी दो वर्ष पूर्व दुर्घटना में देहांत हो चुका है। मृतक शुक्रवार शाम को घर से आगरा कोचिंग पढ़ने के लिए निकला था लेकिन रात में घर वापस नहीं पहुंचा है। सुबह थाना पुलिस द्वारा उनको धर्मवीर की हत्या की जानकारी मिली है।
उनकी किसी से किसी प्रकार की रंजिश नहीं है। मृतक के ताऊ द्वारा पुलिस में अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मृतक का शव थार जीप में ड्राइवर सीट के बराबर सीट बेल्ट से बंधा हुआ पाया गया है जिसके सिर और कनपटी में गोली के निशान हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके पर कुछ साक्ष्य मिले हैं जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए हत्यारों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी गई है। शीघ्र हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
