बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की अंजड़ पुलिस ने एमडीएमए ड्रग्स के कारोबार में लिप्त एक गिरोह के सरगना समेत पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी कुंदन सिंह मंडलोई ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर अंजड़ के थाना प्रभारी बलदेव मुजाल्दा की टीम ने ग्राम बोरलाय में दबिश देकर बड़वानी निवासी वसीम उर्फ डेडर शेख व मोहम्मद दाऊद मंसूरी, और अंजड़ के रियाज मंसूरी, इरफान उर्फ गोला बेग और करण मेहरा को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली गई।
उनके पास से 45 हजार रु मूल्य का 15 ग्राम एमडीएमए पाउडर ( सफेद पाउडर) बरामद किया गया। उन्हें आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उनका पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उक्त पाउडर वे स्वयं भी उपयोग करते थे तथा बड़वानी, अंजड़ और आसपास के कस्बों के युवाओं को बेचते थे।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने बताया कि गिरोह के सरगना वसीम शेख समेत सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड हैं। वे लंबे समय से इस अवैध व्यवसाय में लिप्त थे और आर्डर पर ड्रग्स मंगाकर बड़वानी, अंजड़ और ठीकरी क्षेत्र में सप्लाई करते थे। उन्होंने कहा कि पूछताछ में इन से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में भी पता चलेगा।
ड्रग्स के कारोबार में लिप्त पांच गिरफ्तार
