दुमका : झारखंड में दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में पिछले दिनों एक सीएसपी संचालक से1.36 लाख रुपए लूट किये जाने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने लूटी गयी नकद राशि के साथ देसी कट्टा, कारतूस एवं अन्य सामग्री बरामद कर अंतरराज्यीय गिरोह के पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवेंद्र ने बुधवार को रामगढ़ थाना में संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते सोमवार को 10 अप्रैल को जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बोडिया गांव निवासी सीएसपी संचालक राजेंद्र मांझी बैंक से रुपए निकाल कर लौट रहा था। इस बीच डेलिपाथर पुलिया के पास हथियार से लैस पांच छह अपराधियों ने सीएसपी संचालक से 1.36 लाख रुपए लूट लिया था।
इस घटना को लेकर सीएसपी संचालक की शिकायत पर रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित कर छानबीन शुरू की गयी। श्री शिवेंद्र ने बताया कि इसी क्रम में पुलिस ने दुमका भागलपुर मुख्य मार्ग पर वाहनों को जांच शुरू की। इस दौरान एक बोलेरो को रोक कर उसमें सवार तीन युवक की तलाशी ली गयी। तलाशी के क्रम में युवक के पास से दो देसी कट्टा, पांच कारतूस और 91 हजार रुपए बरामद किया गया। पूछताछ के क्रम में तीनों ने अपनी संलिप्तता कबूल की।
पुलिस ने सीएसपी संचालक से लूट कांड का खुलासा करते हुए बिहार के बेगूसराय जिले के चंदन कुमार, भागलपुर जिले के सुमन यादव उर्फ विकास, रंजीत पोद्दार उर्फ रंजीत कुमार सुमन, गोड्डा जिले के हलधर यादव और विरोचन यादव नाम के पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और घटना में संलिप्त दो अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी कर रही है। पुलिस टीम में काठीकुंड प्रभाग के पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार, रामगढ़ के थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय, अनुसंधान कर्ता अनुज कुमार सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी भी शामिल थे।
