भिवानी : हरियाणा की भिवानी पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के पांच गुर्गों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक वरूण सिंगला ने सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी देते हुये बताया कि एक सूचना के आधार पर जिले में अपराधिक गैंग से जुड़े अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए गत 13 अगस्त को सीआईए स्टाफ-प्रथम के प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार के नेतृत्व में टीम बापोड़ा से सुई-बलियाली रोड पर छापा मार कर एक ठेके के पास से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के पांच गुर्गों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास, दीपक, महेंद्र प्रताप, नवीन और मोहित के रूप में की गई है। इनसे दो देसी पिस्तौल, 65 कारतूस और तीन मैगजीन बरामद की गई हैं। पूछताछ में दीपक और विकास ने बताया कि उनकी दोस्ती बवानी खेड़ा निवासी सचिन से है, जो पंजाब में सिद्दू मूसेवाला की हत्या में शामिल था और फिलहाल जेल में बंद है। सचिन पर डकैती, धोखाधड़ी, चोरी, मारपीट, हत्या, हत्या का प्रयास, पुलिस टीम पर हमला, जान से मारने की धमकी आदि संगीन धाराओं के तहत कुल 12 मामले हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और पंजाब में दर्ज हैं।
विकास पर मारपीट, हत्या और आबकारी अधिनियम के तहत तोशाम थाने में तीन मामले दर्ज है। दीपक पर भी हत्या, हत्या का प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामला थाना बहल में दर्ज है। सचिन की दोस्ती भिवानी की दुर्गा कालोनी निवासी रवि बॉक्सर से थी जिसकी वर्ष 2022 में हत्या कर दी गई थी। सचिन ने रवि की हत्या का बदला लेने के लिए दीपक, विकास, नवीन, महेंद्र और मोहित को अपने विरोधियों हत्या का जिम्मा सौंपा था।
सचिन ने ही आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से ये हथियार मुहैया कराये थे। बताया जाता है कि इन आयोपियों की स्वतंत्रता दिवस पर अपने विरोधी की हत्या करने की योजना थी। पुलिस अधीक्षक के अनुसार जिले में किसी भी प्रकार के संगठित अपराध या किसी भी गैंग के सदस्यों को सक्रिय नहीं होने दिया जाएगा।
