केलांग : आपने अक्सर भारी बारिश के कारण आई बाढ़ की तस्वीरें और वीडियो तो खूब देखें होंगे। पर, हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में लोग उस समय हैरान हो गए जब बगैर बारिश के ही नाले में बाढ़ आ गई।
लाहौल-स्पीति के उदयपुर के मढ़गां नाले में अचानक सोमवार को तड़के चार बजे बाढ़ आ गई। खास बात ये है कि इस दौरान बारिश भी नहीं हो रही थी। मढ़गां नाले में जलस्तर इस कदर बढ़ गया कि उदयपुर- किलाड़ मार्ग यातायात के लिए करीब 10 घंटों तक बंद रहा। मार्ग बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लम्बी कतारे लगी रही। सूचना मिलते ही प्रशासन ने मार्ग को बहाल कर दिया। करीब 10 घंटे बाद मार्ग वाहनों के लिए खुल गया।
अब आप सोच रहे होंगे कि बिना बारिश के बाढ़ कैसे आ सकती है? दरअसल , जानकारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में तापमान बढ़ गया था, जिस कारण ग्लेशियर पिघलने शुरू हो गए। ग्लेशियर पिघलने के कारण यहां एकाएक नाले में जलस्तर बढ़ गया और बाढ़ की स्थिति उत्पन हो गई।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अपने मिजाज बदल लिए है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। जिस कारण तापमान में गिरावट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बारिश की सम्भावना है।
लाहौल के मढ़गां नाले में बगैर बारिश बाढ़, बंद रहा उदयपुर-किलाड़ मार्ग
