गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एच3एन2 के कारण फ्लू का प्रकोप

हैदराबाद : राष्ट्रीय संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के सलाहकार डॉ. नरेश पुरोहित ने सोमवार को कहा कि इन्फ्लुएंजा-ए का एक उपप्रकार एच3एन2 पूरे देश में फैल रहा है और हैदराबाद फ्लू की चपेट में आ चुका है।
हैदराबाद में पिछले कुछ दिनों में एच3एन2 के बढ़ते मामलों और पूरे तेलंगाना राज्य में इसके घातक प्रसार पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए, देश के प्रसिद्ध संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. पुरोहित ने यूनीवार्ता से कहा कि पिछले एक महीने में एंटी-एलर्जिक और पैरासिटामोल गोलियों सहित दवाओं की बिक्री में लगभग 35 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है।
उन्होंने बताया कि एच3एन2 वायरस श्वसन के साथ-साथ गले को भी प्रभावित करता है और इससे श्वसन नली में जलन होती है और मरीज को अस्थमा और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं होती हैं। एलर्जी के कारण लगातार खांसी होती है और वायु प्रदूषण को भी इसका एक कारक माना जा सकता है।
फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर के कार्यकारी सदस्य डॉ. पुरोहित ने कहा कि आईसीएमआर और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने रोगियों को डॉक्टर से परामर्श लिए बिना एंटीबायोटिक दवाओं या किसी अन्य दवाओं का अंधाधुंध उपयोग करने से बचने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा, “जिन आबादी पर गंभीर संक्रमण और मौत का खतरा है वे गुर्दे, मधुमेह मेलेटस, दिल और गुर्दे जैसी अन्य बीमारियों से ग्रसित बुजुर्ग हैं। सामाजिक गतिविधियों, यात्राओं और अन्य गतिविधियों के साथ इसमें और वृद्धि होती है। संक्रमण के पहले 3-4 दिनों में रोगी संक्रामक होता है। एक बार जब संक्रमण फेफड़ों में पहुंच जाता है तो रोगियों को सांस लेने में कठिनाई और सीने में दर्द होने लगता है।”
डॉ. पुरोहित ने बुखार और बदन दर्द के लिए पेरासिटामोल और ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ लेने की सलाह दी।
उन्होंने सावधान किया कि लोग खुराक और आवृत्ति की परवाह किए बिना एज़िथ्रोमाइसिन और एमोक्सिक्लेव जैसे एंटीबायोटिक्स लेना शुरू कर देते हैं, और बेहतर महसूस करने के बाद इसे रोक देते हैं। इससे बचने की आवश्यकता है क्योंकि इससे एंटीबायोटिक प्रतिरोध उत्पन्न होता है।
उन्होंने कहा कि हाथ मिलाने या संपर्क के अन्य माध्यमों से बचना चाहिए और लोगों को मास्क पहनना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *