गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

वन अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

श्रीनगर : भ्रष्टाचार निरोधी ब्यूरो (एसीबी)ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में रिश्वत लेते एक वन अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की ओर से जारी बयान में बताया कि एसीबी को बांदीपोरा के कुहिहमा के क्षेत्रीय वन अधिकारी मुश्ताक अहमद सोफी के खिलाफ शिकायत मिली थी। शिकायत में कहा गया था कि बकाया राशि का भुगतान करने के लिए संबंधित अधिकारी की ओर से 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी गयी है।
एसीबी के मुताबिक शिकायत कर्ता एक ठेकेदार है और उसने 3,21,000 रुपये की लागत वाले निर्माण कार्य को पूरा किया था। वन विभाग इस कार्य के लिए दो बिल जारी कर चुका है। शिकायत कर्ता के अनुसार अंतिम बिल करीब एक लाख रुपये का करीब डेढ़ महीने से लंबित चल रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि क्षेत्रीय वन अधिकारी ने दो जारी किए गए बिलों को मिलाकर 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
काफी कोशिश करने के बाद वन अधिकारी 10 हजार रुपये पर बिल जारी करने के लिए सहमत हो गया, लेकिन पीड़ित ने इस संबंध में एसीबी से शिकायत कर दी और कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया। शिकायत प्राप्त होने पर प्रथम दृष्टया पीसी अधिनियम 1988 (2018 में संशोधित) की धारा 07 के तहत दंडनीय अपराध का खुलासा हुआ। इसके बाद बारामूला के एसीबी थाने में मामला प्राथमिकी (एफआईआर) संख्या 13/2023 दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान उपाधीक्षक (डीवाईएसपी) रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसने रिश्वत की रकम मांगते और स्वीकार करते हुए बांदीपोरा के ओनागाम निवासी आरोपी लोक सेवक सोफी को गिरफ्तार कर लिया। बयान में कहा गया है कि रिश्वत की रकम स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से बरामद की गई। इसके बाद कानून के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के बाद आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया और उसके आवास पर तलाशी ली गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *