गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

तेलंगाना में नए पीआरसी का गठन हो

हैदराबाद : तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष बी संजय कुमार ने रविवार को राज्य सरकार से तुरंत एक नया वेतन संशोधन आयोग (पीआरसी) गठित करके कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए संशोधित वेतनमान इस वर्ष एक जुलाई से लागू करने की मांग की। कुमार ने मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव को लिखे एक पत्र में कहा कि उन्हें पता चला है कि राज्य मंत्रिमंडल की नौ मार्च को होने वाली बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने और महत्वपूर्ण फैसले लिये जायेंगे।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा मुद्दा राज्य सरकार के कर्मचारियों और शिक्षकों के वेतनमान संशोधन पर फैसला लेने के लिए चर्चा करना है। कर्मचारियों ने करीब 42 दिनों तक प्रशासन को ठप करके अलग तेलंगाना राज्य के लिए आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाई थी। कुमार ने कहा कि अपने राज्य में कर्मचारियों के वैध अधिकारों की रक्षा करना मुख्यमंत्री की नैतिक जिम्मेदारी है लेकिन वह हर स्तर पर उनके साथ धोखा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सीआर बिस्वाल की अध्यक्षता वाली पहली पीआरसी की वैधता इस वर्ष 30 जून तक समाप्त हो जाएगी और नई पीआरसी को एक जुलाई से लागू करना होगा। कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार ने अब तक चार महंगाई भत्ते की किस्तें जारी नहीं की हैं। उन्होंने कहा, “पहली पीआरसी रिपोर्ट, जिसे एक जुलाई 2018 से लागू किया जाना था उसमें 21 महीनों के लिए विलंब हुआ था। यहां तक कि कई मामलों में बकाया का भुगतान भी नहीं किया गया है।”
कुमार ने कहा कि केसीआर सरकार ने अब तक नए पीआरसी नियुक्त नहीं की है। यह लाखों कर्मचारियों और शिक्षकों को धोखा देने के अलावा और कुछ नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि बिना किसी समिति की रिपोर्ट के संशोधित वेतनमान कैसे लागू किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार नए पीआरसी की नियुक्ति को जानबूझकर टाल कर वेतनमान में संशोधन से बचने का प्रयास कर रही है। इस तरह की देरी स्वीकार्य नहीं है क्योंकि यह कर्मचारियों के साथ भारी अन्याय होगा। भाजपा इसके लिए बड़ा आंदोलन करेगी।
उन्होंने सरकार से तुरंत नए पीआरसी नियुक्त करने और तीन महीने के भीतर रिपोर्ट प्राप्त करे एक जुलाई से नया वेतनमान लागू किये जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *