शिमला : हिमाचल की राजधानी शिमला के मिडिल बाजार में मंगलवार शाम को हुए कंप्रेशर विस्फोट से एक कारोबारी की मौत हो गई जबकि 13 अन्य घायल हुए हैं। इसबीच पुलिस ने बुधवार को विस्फोट की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। धमाके के बाद कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगी थी लेकिन अब साफ हो गया है कि धमाका गैस रिसाव की वजह से हुआ।
जिस वक़्त धमाका हुआ उस वक्त हिमाचल रसोई ढाबे में मरम्मत कार्य चला हुआ था। हादसे के वक्त ढाबे के अंदर छह लोग थे जो घायल हैं जबकि बाहर से गुजर रहे कारोबारी अविनाश की धमाके के मलबे में आने से मौत हो गई। इस धमाके से आसपास की दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाके में मौजूद हिमाचल रसोई में इतनी लापरवाही कैसे बरती गई।
इसकी जांच के लिए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। पुलिस ने धारा 336, 337, 304 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। ये भी जांच हो रही है कि धमाके से इमारतों को कितना नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि आठ घायलों को छुट्टी मिल गई है जबकि पांच अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
इस घटना में अवनीश कुमार सूद (63) पुत्र स्व. श्री जशन कुमार सूद, निवासी नार्थ ग्रुप टैरेस की मौत हो गई जबकि घायल रमेश (18), राकेश कुमार (21), योगराज (33), चंद्रमणी (33), अरसद (18) अभी आईजीएमसी में उपचाराधीन है। इसके अलावा घायल प्रेम चंद, वादी मुकदमा, कृष्ण गोपाल, मोनिन्द्र कुमार, नेत्र सिंह, गीता शर्मा, मनीश और शुभम ठाकुर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है।
