गाजीपुर : उत्तर प्रदेश में गाजीपुर जनपद के नंदगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक शिवपूजन राम घायल हो गए। पुलिस के अनुसार नन्दगंज थानांतर्गत देवकली पुल पर चंदौली क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक शिवपूजन राम अपने पैतृक गांव माउपारा देवकली से दोपहर मोटरसाइकिल द्वारा सैदपुर की ओर जा रहे थे। तभी देवकली पुल पर पीछे से अज्ञात चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे पुल से टकराकर पूर्व विधायक सड़क पर गिर पड़े। उन्हें सिर व आंख के पास चोट आयी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय भाजपा नेता के० पी० गुप्ता, पूर्व मण्डल अध्यक्ष तेरसू यादव आदि ने उन्हें एंबुलेंस से तत्काल इलाज के लिए सैदपुर सरकारी अस्पताल भिजवाया। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। शिवपूजन राम मूलरुप से गाजीपुर जनपद के माउपारा ( देवकली) के रहने वाले हैं। वह चंदौली क्षेत्र से दो बार भाजपा विधायक रह चुके हैं। शुक्रवार को वह किसी कार्य के लिए मोटरसाइकिल से ही सेदपुर की ओर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद अज्ञात चारपहिया वाहन गाङी सहित फरार हो गया।
पूर्व विधायक सड़क दुर्घटना में घायल हुये
