गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

फरवरी में काशी में होगी फॅार्मूला वन पावरबोट रेसिंग

लखनऊ : देश की सांस्कृतिक राजधानी के तौर पर विश्व विख्यात वाराणसी में अगले साल फरवरी में फॅार्मूला वन एफ1एच20 पावरबोट रेसिंग का आयोजन किया जायेगा। इस संबंध में यहां खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डा नवनीत सहगल से फार्मूला वन के प्रतिनिधि सिबतेन बाकरी ने मुलाकात की और एक प्रस्ताव दिया। डा सहगल ने कहा कि पावरबोट रेसिंग का आयोजन उत्तर प्रदेश में पहली बार होने जा रहा है, जो कि प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इसके लिए प्रदेश सरकार जो भी आवश्यक सुविधाएं हो सकेंगी, उपलब्ध करायेगी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस प्रकार के आयोजन होने से प्रदेश के खिलाड़ी भी इस खेल के प्रति प्रेरित होंगे।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि पावरबोट रेसिंग के लिए वाराणसी में पर्याप्त जल संसाधन एवं रामनगर के मल्टी मॉडल टर्मिनल में विश्व स्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर होने से इस रेस को आयोजित किया जा सकता है। इस प्रकार के आयोजन से वैश्विक स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन होगा। इससे प्रदेश में वाटर टूरिज्म और निवेश को बढ़ावा मिलेगा, अंतरराष्ट्रीय पर्यटक और निवेशक आकर्षित होंगे। वैश्विक समुदायों की भागीदारी के साथ सास्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।
सिबतेन बाकरी ने बताया कि एफ1एच20 प्रतियोगिता विश्व की सबसे बड़ी और सफल पावरबोट रेसिंग है। विभिन्न देशों की नौ टीमों इसमें भाग लेती हैं। नवम्बर 2018 में विजयवाड़ा एवं अमरावती में इस रेसिंग का सफलता पूर्वक आयोजन किया गया था। एफ1एच20 फार्मूला रेस के लिए 1000 मीटर लम्बा एवं 150 मीटर चौड़ा व ढाई मीटर गहरा वाटर बेसिन, वाटर बाडी के निकट एक से दो एकड़ भूमि ड्राई पिट बनाने के लिए, वाटर बाडी ऐसे स्थान पर हो जहां से हॉस्पिटल और होटल तक पर्यटकों की पहुंच आसान हो, ऐसे लोकेशन की आवश्यकता पड़ती है, जो वाराणसी में उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *