गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अंतर्राज्यीय मूर्ति चोर गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार

पन्ना : मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने अंतर्राज्यीय मूर्ति चोर गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई मूर्तियां, घटना में प्रयुक्त एक कार, तीन मोबाइल फोन और मूर्ति काटने हेतु इस्तेमाल किया गया कटर जप्त किया है। पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए आज बताया कि अजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कगरे का बारा स्थित मन्दिर से 16 अगस्त की रात्रि में अज्ञात आरोपियों द्वारा मन्दिर का ताला तोड़कर मन्दिर में स्थापित भगवान श्री लक्ष्मण जी एवं सीता जी की अष्टधातु की मूर्ति चोरी कर ले गये थे। घटना की रिपोर्ट अजयगढ़ थाना में मंदिर के पुजारी गोपाल प्रसाद अवस्थी ने दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट पर थाना अजयगढ़ में अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध चोरी का अपराध पंजीबद्ध किया जाकर विवेचना में लिया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस सायबर सेल टीम और मुखबिरों की मदद से मूर्ति चोरी की वारदात में लिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में नरेन्द कुमार वर्मा, बलवंत सिंह, सुरेन्द पाल और अमर सिंह शामिल हैं। इनमें से तीन आरोपी उत्तर प्रदेश के महोबा और एक छतरपुर का निवासी है। इन आरोपियों से पूंछताछ पर जिले एवं जिले के बाहर अन्य राज्यो में भी चोरी के दर्जनों अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस टीम द्वारा उक्त आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड की जानकारी ली जा रही है। गिरफ्तार 04 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड में लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *