गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

केलाखेड़ा फायरिंग के चार आरोपी गिरफ्तार

रूद्रपुर/नैनीताल : उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के केलाखेड़ा में गोलीबारी करने के चार आरोपियों को पुलिस ने कुछ ही घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। उनसे अवैध हथियार भी बरामद हुआ है। ऊधमसिंह नगर पुलिस की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार घटना चुनावी रंजिश के चलते पूर्व छात्र संघ पदाधिकारियों के दो धड़ों के बीच हुई। पुलिस के अनुसार सुखबीर सिंह उर्फ गोरखा और गिंदर एवं रजत भंडारी आपस में दोस्त थे।
पिछले साल छात्र संघ चुनाव में प्रत्याशी खड़ा करने को लेकर विवाद हो गया। तब से ये आपस में रंजिश रखने लगे। कल मंगलवार को घटना के दिन गोरखा पक्ष का लवप्रीत ट्रैक्टर से महोली गांव जा रहा था। इसी बीच रजत भंडारी, गिंदर और अन्य ने उसका रास्ता रोक लिया।
लवप्रीत ने तत्काल सुखबीर सिंह उर्फ गोरखा और अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इसी दौरान दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर गोलीबारी की गयी। कुछ घायल हो गये। रजत और गिंदर पक्ष की ओर से इस मामले में सुखबीर सिंह उर्फ गोरखा और अन्य के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस तत्काल हरकत में आयी और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनमें सुखबीर सिंह उर्फ गोरखा ग्राम बरहैनी, नयी सड़क, हजीरा थाना बाजपुर, जितेन्द्र सिंह गिल निवासी किलामोड़, हजीरा थाना, बाजपुर, लवप्रीत सिंह निवासी हजीरा थाना, बाजपुर और अमित मेहरा निवासी झारखंडी बरहैनी, बाजपुर, ऊधमसिंह नगर शामिल हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने एक तमंचा और पिस्टल भी बरामद की है। पुलिस शस्त्र अधिनियम के तहत भी कार्यवाही अमल में ला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *