नौ कर्मचारी अभी लापता
सोलन : हिमाचल प्रदेश में सोलन जिले के औद्योगिक नगर बद्दी के अंतर्गत बरोटीवाला के पास झड़माजरी में शनिवार एनआर अरोमा फैक्ट्री की इमारत के अंदर से चार श्रमिकों के शव बरामद किये हैं। एनआर अरोमा में शुक्रवार शाम को आग बुझाने का काम पूरा होने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ के बचाव दलों ने शनिवार को सोलन जिले के बद्दी के अंतर्गत बरोटीवाला के पास झड़माजरी में फैक्ट्री की इमारत के अंदर से चार श्रमिकों के शव बरामद किये।
इसी बीच, राज्य सरकार ने बद्दी के सहायक पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है, जो फैक्ट्री में भीषण आग लगने के कारणों और खामियों की जांच करेगा। पुलिस ने एनआर अरोमा के प्लांट मनैजर चंद्र शेखर को विभिन्न आरोपों में भी गिरफ्तार किया है और औद्योगिक इकाई के मालिक को पकड़ने के लिये विशेष टीमों को भी विभिन्न स्थानों पर भेजा गया है।
गौरतलब है कि एनआर अरोमा में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लग गयी थी, जब फैक्ट्री के कर्मचारियों ने केमिकल से भरे कंटेनर को गर्म करना शुरू कर दिया था। कहा जा रहा था कि जैसे ही कंटेनर का हीट लेवल अधिकतम सीमा तक पहुंचा, अचानक उसमें आग लग गई जो तेजी से कॉम्प्लेक्स के अंदर फैल गयी।
