गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

4 साल की बच्ची समेत चार की मौत

दो बाइक आमने-सामने भिड़ीं फिर रोडवेज बस 7 लोगों को रौंदते निकल गई

अजमेर। अजमेर जिले के सरवाड़ के निकट फतेहगढ़ चौराहे के पास रोडवेज बस की चपेट में आने से दो मोटरसाइकिल पर सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इनमें 4 साल की बच्ची भी शामिल है। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर किया गया है।
पहले दोनों बाइक आमने-सामने से भिड़ीं फिर रोडवेज बस की चपेट में आ गईं। बस दोनों बाइक पर सवार लोगों को रौंदते हुए निकल गई। घटना की सूचना मिलने पर केकड़ी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम शर्मा, सरवाड़ उपखंड अधिकारी सुभाष चंद्र हेमानी, तहसीलदार राम कल्याण मीणा भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
मंगलवार देर शाम अजमेर मार्ग पर जय भैरव पेट्रोल पंप के सामने दो बाइक सवार आपस में भिड़ गए। फिर वे नसीराबाद की तरफ से आ रही मध्यप्रदेश की रोडवेज बस की चपेट में आ गए। इस भीषण सड़क हादसे की सूचना मिलने पर सरवाड़ थाना एसआई गुमान सिंह पुलिस टीम के मौके पर पहुंचे और घायलों को सरवाड़ अस्पताल पहुंचाया।
वहां डॉक्टरों ने गणेश(25) पुत्र जगदीश भील निवासी छापरी, लक्ष्मी पत्नी पीरू लाल गुर्जर निवासी जडाना, लक्ष्मण पुत्र लाला राम गुर्जर निवासी ढिगारिया को मृत घोषित कर दिया। खुशी पुत्री पीरू गुर्जर निवासी जडाना, प्रधान पुत्र रामधन भील निवासी छापरी, कमलेश गुर्जर निवासी ढिगारिया, रमेश पुत्र नोरत भील निवासी छापरी को रेफर किया गया जहां अजमेर के जेएलएन अस्पताल में चार माह की खुशी गुर्जर ने भी दम तोड़ दिया।
सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलने पर रामकरण गुर्जर, छोटू लाल गुर्जर, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष अजय पारीक सहित प्रमुख लोग सरवाड़ चिकित्सालय पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *