गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

होण्डा की अंतरराष्ट्रीय रेसिंग टीम में चार भारतीय

गुरुग्राम : होण्डा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने 2023 रेसिंग सीज़न के लिये चयनित अंतरराष्ट्रीय टीम में चार भारतीय रेसरों को शामिल किया है। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
होण्डा ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भारत के रहीश खत्री और श्याम सुंदर 2023 थाईलैंड टैलेंट कप के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण करेंगे। पिछले साल थाईलैंड टैलेंट कप से अंतरराष्ट्रीय रेसिंग में कदम रखने वाले कविन समार क्विंटल और मोहसिन परमबन 2023 एशिया रोड रेसिंग चैंपियनशिप में होण्डा के प्रतिनिधि होंगे।
आगामी चैंपियनशिप के बारे में कवीन समार क्विंटल ने कहा, ‘‘यह एशियाई चैंपियनशिप में मेरा पहला सीज़न है। मुझे खुशी है कि मुझे एशिया के सर्वश्रेष्ठ राइडरों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिल रहा है। मेरे लिये गर्व की बात है कि होण्डा ने
मुझ पर भरोसा किया और मुझे यह उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया है।”
मोहसीन ने कहा, ‘‘एशियाई चैंपियनशिप में शामिल होना मेरा सपना साकार होने की तरह है, यह मेरे रेसिंग करियर का बड़ा पल है। मैं बेहद खुश हूं कि मुझे आईडेमिट्सु होण्डा रेसिंग इंडिया टीम के साथ एशिया की सबसे मुश्किल अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेने का अवसर मिल रहा है। यह उत्सुकता मेरे लिए प्रेरणा की तरह है जो मुझे सभी राउण्ड्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है। उम्मीद है कि टीम होण्डा के साथ मुझे बहुत कुछ सीखने को मिलेगा!’’
होण्डा इंडिया के प्रबंध निदेशक अत्सुशी ओगाटा ने रेसिंग के 2023 सीज़न के लिये कंपनी की योजनाओं पर कहा, “भारत में मोटरस्पोर्ट्स की संस्कृति को बढ़ावा देते हुए हमने 2018 में रेसिंग के लिये एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का भारतीय राइडर तैयार करने की योजना बनायी। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए हमने एक रोडमैप बनाया है जो युवा प्रतिभाओं की पहचान करने से लेकर उन्हें अगली पीढ़ी के राइडर के रूप में विकसित करने पर केंद्रित है। इस साल हमारे चार युवा राइडर्स ने एशिया के सर्वश्रेष्ठ राइडर्स के साथ रेसिंग करने का अपना सपना साकार किया है। हम इस साल शानदार सीजन की उम्मीद कर रहे हैं।”
होण्डा इंडिया की 2023 अंतरराष्ट्रीय रेसिंग योजनाओं के बारे में कंपनी के परिचालन अधिकारी प्रभु नागराज ने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय रेसिंग चैंपियनशिप के 2023 सीजन में भारत के चार नये होनहार राइडर होण्डा से जुड़ेंगे। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप दोनों में रेसिंग का अनुभव रखने वाले काविन क्विंटल और मोहसिन पी इस साल एशिया रोड रेसिंग चैंपियनशिप के एपी250सीसी क्लास में डेब्यू करेंगे। दूसरी ओर, रहीश खत्री और श्याम सुंदर पहली बार थाईलैंड टैलेंट कप के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पिछले साल हमने एक टीम के रूप में कुछ उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। अगली पीढ़ी के राइडर्स अब प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं, हम ट्रैक पर इन युवाओं का प्रदर्शन देखने के लिये उत्सुक हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *