नासिक : नासिक में मुंबई-आगरा राजमार्ग पर शुक्रवार रात अदगांव के पास एक टेम्पो और कार की टक्कर में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अदगांव पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान अक्षय जाधव (24), सज्जू शेख (40), अरबाज तंबोली (21), और रहमान तंबोली (48) के रूप में हुई है। ये सभी नासिक के निवासी थे।
उन्होंने बताया कि टेंपो नासिक की ओर से ओझार जा रहा था और कार ओझार की ओर से नासिक आ रही थी। टेंपो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और राजमार्ग के विपरीत दिशा में चला गया। जिससे ओझार से नासिक जा रही कार की टैंपो से भिडंत हो गयी।
इस दुर्घटना में कार में सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और टेम्पो चालक और क्लीनर घायल हो गए। इस बीच, दुर्घटना के बाद मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम हो गया। अडगांव पुलिस तुरंत वहां पहुंची और यातायात को सामान्य किया। दुर्घटना में घायलों को तुरंत नासिक के जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
नासिक में सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत, दो घायल
