सिलीगुड़ी : पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में करंट लगने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी है।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान परेश पाल (62), उनकी पत्नी दीपाली (60), उनका सबसे बड़ा बेटा मिथुन दास (33) और पोता सुमन दास के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि हादसा राजगंज ब्लॉक के मंतादारी गांव में शुक्रवार को उस समय हुआ जब बारिश के बीच धान के खेत से घर लौटते समय सड़क पर बिजली के खम्भे से टूटकर गिरे तार पर उनका पैर पड़ा गया और वे गिर गये। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले मिथुन और सुमन तार की चपेट में आये। जब अन्य दो उन्हें बचाने गये, तो वे भी करंट की चपेट में आ गये और उनकी मौके पर ही मौत हो गयी।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और लोग दहशत में हैं।
जलपाईगुड़ी में एक ही परिवार के चार सदस्यों की करंट लगने से मौत
