मारे गए नक्सलियों में एक महिला; कई हथियार भी मिले, इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
पश्चिमी सिंहभूम। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में सुरक्षा बलों ने 4 नक्सलियों को मार गिराया है। इसमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। पुलिस ने नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद भी किए गए हैं। इलाके में अभी भी कई नक्सलियों के छिपे होने की खबर है। सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जानकारी एसपी आशुतोष शेखर ने दी है। घटना जिले के गुवा थाना क्षेत्र की है।
पुलिस ने बताया कि चार नक्सलियों में से एक जोनल कमांडर, एक सब जनरल कमांडर, एक एरिया कमांडर और एक महिला नक्सली है। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने दो नक्सलियों को पकड़ा भी है। इनमें एक एरिया कमांडर है। एक हार्डकोर महिला नक्सली है। सीआरपीएफ, झारखंड पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन के बाद ये कामयाबी मिली है।
बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने ग्रामीण इलाकों में चुनाव प्रभावित करने की भी कोशिश की थी। लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद अभियान तेज कर दिया गया।
सुरक्षाबलों के कैंप के पास माइंट बिछाया
सुरक्षा बल नक्सलियों के कैंप के बेहद करीब है। नक्सलियों ने इलाके में लैंड माइंस, स्पाइक और कई ट्रैप बिछाकर रखे हैं, जिससे उन तक पहुंचने में समय लग रहा है। इस ट्रैप की चपेट में आने से कई ग्रामीणों की भी मौत हो चुकी है।
हाल ही में खूंटी-चाईबासा सीमा पर पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में भाकपा माओवादी संगठन का एरिया कमांडर बुधराम मुंडा मारा गया था। इसके मारे जाने के बाद इलाके में नक्सलियों का संगठन कमजोर हुआ था। मुठभेड़ पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र के नवादा, सर्वदा जंगल में दोपहर को हुई थी।
पश्चिमी सिंहभूम में चार नक्सली ढेर.. दो गिरफ्तार
