बैतूल : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र में आज एक ऊफनती नदी का रपटा पार करने के दौरान आटो समेत चार लोग बह गए। बोरदही थाना प्रभारी सर्विंद धुर्वे ने बताया कि बेहड़ और मुआरियाँ के बीच बहने वाली भैंसाही नदी के रपटे से ऑटो पार कर रहे चार लोग बाढ़ में बह गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस लापता लोगों को खोजने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। ऑटो मोआरिया गांव के इमरत पेंड्राम का बताया जा रहा है। ऑटो में गणेश इडपाचे, राम सिंह विश्वकर्मा और एक अन्य सवार थे।
चारो समीप के नरेरा गांव में लगने वाले बाजार से अपने गांव मुआरिया लौट रहे थे। भैंसाही नदी के रपटे में बाढ़ आने के बावजूद इमरत पेंड्राम ने अपना ऑटो नदी में डाल दिया। बाढ़ का पानी तेजी से बहने के कारण ऑटो बाढ़ में बह गया । ऑटो में सवार सभी चारों लोग बह गए हैं। बैतूल से भी एसडीआरएफ के दल ने मौके पर पहुंच कर तलाशी अभियान को तेज कर दिया है। लगातार बारिश और अंधेरा होने से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में दिक्कत आ रही है। पुलिस लापता लोगों को खोजने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। सोशल मीडिया पर भी इस घटना का एक वीडियो सामने आया है।
