उत्तरकाशी/देहरादून : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में रविवार को बिजली गिरने से चार लोग झुलस कर घायल हो गए जिनमें से एक व्यक्ति की अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जनपद आपातकालीन परिचालन केन्द, उत्तरकाशी के प्रभारी देवेंद्र सिंह पटवाल ने आज शाम बताया कि प्रातः 10:30 बजे तहसील पुरोला अन्तर्गत, ग्राम कण्डियाल के मदनी तोक में बिजली गिरने से चार लोग झुलस गये जिन्हें 108 आपात सेवा वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पुरोला लाया गया।
उक्त घायलों में एक व्यक्ति को उपचार के दौरान, डॉक्टर द्वारा मृत घोषित किया गया। उन्होंने बताया कि अन्य तीन घायल लोगों में से प्राथमिक उपचार के पश्चात, दो घायलों को दून हॉस्पिटल, देहरादून के लिए रेफर किया गया है तथा एक सामान्य घायल को प्राथमिक उपचार के पश्चात घर भेज दिया गया है। पटवाल के अनुसार, अभिषेक (20) दीर्घपाल, निवासी कण्डियाल गांव की मृत्यु हुई है, जबकि इसी गांव के निखिल (17) पुत्र कृपाल सिंह और चन्द्र सिंह (55) पुत्र जयपाल सिंह को देहरादून भेजा गया है।
