गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

तीन करोड़ रुपए की ड्रग्स के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

रतलाम : मध्यप्रदेश के रतलाम जिले की ताल थाना पुलिस ने पति-पत्नी सहित चार तस्करों को गिरफ्तार कर लगभग तीन करोड़ रुपए कीमत की ड्रग्स बरामद की है। यह ड्रग्स रतलाम में किसी व्यक्ति से खरीदी गयी थी और उसे मुंबई ले जाना था।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि कल ताल थाना पुलिस ने मुबई निवासी मोहम्मद नदीम, उसकी पत्नी सबा, सुल्तान एहमद और सलमान मोहम्मद नामक चार व्यक्तियों को पकड कर उनके कब्जे से करीब तीन करोड रुपए मूल्य की तीन किलो एमडीएम ड्रग और एक किलो 898 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया। इनसे हुई प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि उक्त चारों को कोरियर के रुप में इस्तेमाल किया जा रहा था। मुंबई के किसी व्यक्ति ने इन्हे 27 लाख रुपए दिए थे और ये चारो लोग ट्रेन से रतलाम आए थे। इन्होंने रतलाम में आकर किसी व्यक्ति से तीन किलो एमडीएमए ड्रग खरीदा था। पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपियों का मुखिया मोहम्मद नदीम मुंबई में जूते चप्पल की दुकान लगाता है।
एसपी श्री कुमार ने बताया कि ड्रग्स खरीदने के लिए रुपए देने वाले मुंबई के व्यक्ति और रतलाम में ड्रग बेचने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ की जाना है। इसके लिए पुलिस ने न्यायालय से आरोपियों का रिमाण्ड मांगा है। एसपी के मुताबिक इससे पहले तक एमडी जैसे आधुनिक ड्रग्स मुंबई से रतलाम लाए जाते थे, लेकिन ये संभवत: पहला मौका है जब रतलाम से ड्रग्स मुबई भेजा जा रहा था। यह चौंकाने वाली बात है। इस बात की पूरी संभावना है कि रतलाम या इसके आसपास कहीं एमडीएमए बनाया जा रहा हो और देश के अन्य भागों में इसकी सप्लायी की जा रही हो।
इतना ही नहीं ड्रग तस्करों ने अपने तौर तरीको में भी काफी बदलाव किया है। ड्रग तस्करों का मानना है कि आमतौर पर किसी महिला के साथ होने पर संदिग्ध व्यक्ति पर कम ध्यान दिया जाता है और यदि कोई व्यक्ति पूरे परिवार के साथ हो तो उसकी जांच पडताल में शिथिलता बरती जाती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए आरोपी नदीम अपने साथ न सिर्फ अपनी पत्नी सबा को लेकर आया था, बल्कि अपने दो नन्हे बच्चे भी साथ लेकर आया था।
आरोपियों से पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उन्होने ड्रग्स रतलाम में किस व्यक्ति से खरीदी थी और मुंबई में अज्ञात व्यक्ति द्वारा दिए गए 27 लाख रुपए का भुगतान रतलाम में किया गया था या नहीं, यह भी पुलिस की जांच का विषय है कि असल में ड्रग्स का सौदा कितने रुपए में हुआ था और इसका भुगतान कैसे और किसने किया था। एसपी ने मादक पदार्थ बरामद करने वाली पुलिस टीम को दस हजार रुपए के नगद पुरस्कार की घोषणा भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *