नैनीताल : उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने शुक्रवार देर रात को दो पृथक पृथक मामलों में लाखों रूपये की स्मैक और चरस के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। मिली जानकारी के अनुसार नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पकंज भट्ट के निर्देश पर विशेष अभियान समूह (एसओजी) की अगुवाई में हल्द्वानी पुलिस की ओर से बीती रात को विभिन्न क्षेत्रों में तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था।
इस दौरान हल्द्वानी की कोतवाली पुलिस ने बाईपास रोड पर ईको स्पोर्ट्स कार सख्या यूके 01ए 8562 को रोका और उसकी जांच की तो उसमें से 1.011 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने वाहन सवार दो आरोपियों को रूपेश कश्यप निवासी गली नंबर 4, राजपुरा, हल्द्वानी और शुभम गुप्ता निवासी गली नंबर 01, बैलेजली लाज को गिरफ्तार कर लिया।
एक अन्य घटना में काठगोदाम थाना प्रभारी प्रमोद पाठक की अगुवाई में पुलिस और एसओजी की टीम की ओर से गौलापार में चलाये जा रहे अभियान में पुलिस टीम ने 218 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की। आरोपियों की मोटर साइकिल को भी सीज कर दिया है। दोनों आरोपी शिशुपाल वर्मा निवासी शिवनगर सिमरावोरीपुर, थाना कैंट बरेली, उप्र और नीलेश निवासी मुतलकपुर, पो0 महमूदपुर, थाना आंवला, बरेली, उप्र को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने बताया कि वह बरामद स्मैक को पड़ोस के गांव जंतीरा, थाना आंवला, उप्र से भूरा नामक व्यक्ति से खरीद कर लाये हैं।
आरोपियों ने बताया कि वह पहाड़ी क्षेत्रों में बेचने के लिये ले जा रहे थे। चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी और काठगोदाम थाना में अलग अलग अभियोग पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड की तलाश की जा रही है। बरामद चरस और स्मैक की कीमत लाखों में आंकी गयी है।
स्मैक व चरस के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
